सातलेरा में कच्चे मकान में आग, गरीब परिवार का सामान जलकर राख
#श्रीडूंगरगढ़ उपखंड के सातलेरा गांव में शुक्रवार शाम एक कच्चे मकान में अचानक आग लगने से गरीब परिवार को हजारों रुपए का नुकसान हो गया। आग में नगदी, राशन सामग्री, कपड़े और जरूरी दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए।
जानकारी के अनुसार मुनीराम सांसी के घर में अज्ञात कारणों से आग लगी। घटना के समय दंपती घर से बाहर थे, जबकि बच्चे घर पर मौजूद थे। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित ने बताया कि मजदूरी से जुटाई गई नगदी और घरेलू सामान जलने से परिवार संकट में आ गया है। ग्राम पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि भीखराज जाखड़ ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।