
दबखेड़ी गांव के नजदीक SYL नहर में मछली पकड़ने के जाल में 50 किलो का मगरमच्छ फंस गया। मगरमच्छ को जाल में फंसा देख मछली पकड़ रहे मजदूरों के होश उड़ गए। वे तुरंत नहर से बाहर निकल आए और ठेकेदार को सूचना दी। मगरमच्छ करीब 4 फीट लंबा था, जिसने जाल भी फाड़ दिया। गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रगट सिंह ने जाल में फंसे मगरमच्छ को निकालने का काम शुरू किया। टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को काबू किया। इसके बाद मजदूरों ने राहत की सांस ली।
गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि मछली पकड़ने वाली लेबर के ठेकेदार भगवान सिंह निवासी करनाल का उनके पास फोन आया था कि मजदूरों ने एसवाईएल नहर में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाया हुआ था। जाल खींचते समय उसमें मगरमच्छ फंसा मिला। मगरमच्छ के जाल में फंसने के बाद मजदूरों ने उसे खुद निकालने की कोशिश नहीं की।
ठेकेदार ने उनसे मदद मांगी। सूचना मिलते ही प्रगट सिंह अपनी टीम गुरुजी, मामू, सुरेंद्र, प्रवीण और बलविंद्र सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से काबू करने की कोशिश की। इसके बाद जाल में फंसे मगरमच्छ को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। काफी कोशिश के बाद मगरमच्छ को जाल से सुरक्षित निकाल लिया गया।