
ग्रामीण विकास के लिए हो समन्वित प्रयास : डॉ. चौहान
कुरुक्षेत्र, 8 जुलाई। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी में ग्रामीण विकास मंत्रालय के क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत चल रहे खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के एक दल ने बीड़ मथाना गांव का अध्ययन भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने निर्माणाधीन सामुदायिक केंद्र, शिव धाम योजना के अंतर्गत विकसित सुंदर शिव धाम, गांव के आकर्षक प्रवेश द्वार तथा व्यायामशाला का अवलोकन किया। इस दौरान गांव के सरपंच एवं विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभागियों को गांव में संचालित विकास कार्यों, विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि क्षमता विकास कार्यक्रमों में अध्ययन भ्रमण का विशेष महत्व होता है। इससे अधिकारियों को जमीनी स्तर पर विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को देखने और समझने का अवसर मिलता है, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र में भी बेहतर एवं नवाचारपूर्ण कार्य कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास की सफलता जनप्रतिनिधियों, पंचायतों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों पर निर्भर करती है। बीर मथाना गांव में किए गए विकास कार्य अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
बीड़ मथाना गांव के सरपंच डॉ. देवीदयाल ने कहा कि ग्राम पंचायत का उद्देश्य गांव में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा प्रत्येक विकास कार्य को पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ पूरा करना है। उन्होंने प्रतिभागियों को गांव की विकास यात्रा और विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। सरपंच ने बताया कि गांव का निर्माणाधीन सामुदायिक केंद्र बीड़ मथाना ही नहीं, कई ओर निकटवर्ती गांवों के लोगों के काम आएगा। लद्दाख से आये खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी शेरिंग वांगचुक ने बताया कि इस पद पर काम करते हुए उन्हें 15 साल हो गए। उन्होंने आज तक बीड़ मथाना जैसा सुंदर सुव्यवस्थित शिवधाम (श्मशान घाट) नहीं देखा।
इस अवसर पर जितेंद्र बालियान, प्रधान, हरियाणा सरपंच एसोसिएशन, सुनील कुमार, सरपंच, बिहोली, नीलम छिकारा, सलाहकार, स्टेट पंचायत रिसोर्स सेंटर, नीलोखेड़ी, हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान से संदीप कुमार, सहायक आचार्य, कमलदीप सांगवान, कार्यक्रम समन्वयक तथा अन्य उपस्थित रहे।