
बाड़मेर में आए भीषण तूफान से हुए नुकसान के आकलन एवं प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने हेतु शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने जिला कलक्टर को लिखा पत्र
बाड़मेर, 02 जून। शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने बाड़मेर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आए भीषण तूफान एवं तेज आंधी से हुए व्यापक नुकसान को लेकर जिला कलक्टर बाड़मेर को पत्र लिखकर प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र सर्वे करवाने तथा पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।
विधायक भाटी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि विधानसभा क्षेत्र शिव के शिव, हरसानी, गडरारोड़, रामसर सहित बाड़मेर जिले के अनेक गांवों में आए भीषण तूफान और तेज आंधी के कारण जन-धन की व्यापक हानि हुई है। प्राकृतिक आपदा के चलते कई ग्रामीणों के मकान, झोंपड़ियां, पशुबाड़े, विद्युत कनेक्शन तथा पेयजल संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इसके साथ ही किसानों की अनार एवं खजूर जैसी महत्वपूर्ण फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों और किसानों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
पत्र में विधायक भाटी ने यह भी कहा कि कई स्थानों पर पेड़ एवं विद्युत पोल गिर जाने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे में प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए वास्तविक नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।
विधायक भाटी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित गांवों में हुए नुकसान के आकलन हेतु संबंधित उपखण्ड अधिकारियों (एसडीएम) की अध्यक्षता में विशेष सर्वे एवं मूल्यांकन समितियों का गठन किया जाए। साथ ही समितियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल दौरा कर वास्तविक क्षति का आंकलन किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार के प्रावधानों एवं आपदा राहत नियमों के अंतर्गत शीघ्र आर्थिक सहायता और राहत प्रदान की जा सके।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में प्रशासन एवं सरकार की जिम्मेदारी है कि पीड़ितों को समय पर राहत उपलब्ध कराकर उन्हें संबल प्रदान किया जाए। विधायक भाटी ने आशा व्यक्त की कि जिला प्रशासन संवेदनशीलता के साथ मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र राहत कार्य सुनिश्चित करेगा। Ravindra Singh Bhati
Sedwa, Barmer | Jun 2, 2026