
बीज सत्यापन व टैग जारी करने के नाम पर रिश्वत, उपनिदेशक रंगे हाथ गिरफ्तार 70 हजार रुपये की मांग, 10 हजार रुपये लेते विजिलेंस टीम ने दबोचा
उत्तर प्रदेश मुरादाबाद राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था, मुरादाबाद के उपनिदेशक रूप सिंह को बरेली विजिलेंस टीम ने शुक्रवार दोपहर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि गेहूं के बीजों के सत्यापन और टैग जारी करने के एवज में उन्होंने 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। फिलहाल विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे अपने साथ बरेली ले गई। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश बीज भंडार, मुरादाबाद के प्रभारी विजय वर्मा ने गेहूं के बीज तैयार कराए थे। आरोप है कि बीजों के सत्यापन और टैग जारी करने के लिए उपनिदेशक रूप सिंह 70 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायतकर्ता द्वारा रकम अधिक होने की बात कहने पर आरोपी ने पहले 10 हजार रुपये और शेष 60 हजार रुपये अगस्त के दूसरे सप्ताह में लेने की बात तय की।इसके बाद विजय वर्मा ने बरेली विजिलेंस के पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार से शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद इंस्पेक्टर अंगद सिंह के नेतृत्व में 12 सदस्यीय ट्रैप टीम गठित की गई। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे योजना के तहत शिकायतकर्ता को उपनिदेशक के कार्यालय भेजा गया। जैसे ही रूप सिंह ने 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में अपने हाथ में लिए, पहले से घात लगाए विजिलेंस अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। विजिलेंस एसपी ने बताया कि आरोपी रूप सिंह, जो बुलंदशहर का निवासी है, के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
Hardoi, Hardoi | Jul 25, 2026