
बरहेट जमीन विवाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अल्फा बाउंसर के संचालक समेत पांच गिरफ्तार
साहिबगंज: बरहेट थाना क्षेत्र के सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में साहिबगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्फा बाउंसर के संचालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 21 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बीते 17 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में मोहन सोरेन के आवेदन पर बरहेट थाना में कांड संख्या 139/26 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया। इसी दौरान 20 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सिमलढाब गांव में दोबारा बाउंसरों का जमावड़ा हो रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
1. शिवम कुमार (26 वर्ष), अल्फा बाउंसर का संचालक।
2. अनिल कुमार मिश्रा (32 वर्ष)।
3. पियूष कुमार (करीब 20 वर्ष)।
4. ललन कुमार सिंह।
5. सुधांशु रंजन।
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पूछताछ के दौरान शिवम कुमार ने बाउंसर उपलब्ध कराने का काम करने तथा उसके पास करीब 18 से 20 बाउंसर काम करने की बात कही। साथ ही उसके पास लाइसेंसी एयर गन होने का भी उल्लेख किया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जमीन पर कब्जा दिलाने के उद्देश्य से बाउंसर बुलाने को लेकर भी पूछताछ में जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Dumka, Dumka | Nov 21, 2026