
हार्ट अटैक से पकड़ीदयाल के राजेपुर थाना के पुअनि दीप नारायण प्रसाद का निधन
राजेपुर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) दीप नारायण प्रसाद का हृदयाघात (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पुअनि दीप नारायण प्रसाद किसी न्यायिक कार्य से मोतिहारी कोर्ट गए थे। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आया। आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
स्वर्गीय दीप नारायण प्रसाद इससे पूर्व पताही थाना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वे पुलिस विभाग के साथ-साथ स्थानीय लोगों के बीच भी काफी सम्मानित थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। उनके असामयिक निधन को पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया है। पुलिसकर्मियों और शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।