सांप का रेस्क्यू करने पहुंचे युवक को डसा, हाथरस अस्पताल में भर्ती
हाथरस: सादाबाद क्षेत्र के धानौटी गांव में शुक्रवार देर शाम एक घर में सांप निकलने से हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू करने वाले युवक देवेश कुमार को सूचना दी।
सूचना मिलने पर देवेश मौके पर पहुंचे और सांप को पकड़ने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान सांप ने उनके हाथ में डस लिया। इसके बावजूद देवेश ने सांप को काबू में कर बोरे में बंद किया और उसे लेकर सीएचसी सादाबाद पहुंच गए।
अस्पताल में युवक के साथ सांप को देखकर स्वास्थ्यकर्मियों में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सकों ने देवेश का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि सांप को पकड़ने के बाद देवेश उसे प्लास्टिक के बोरे में बंद करके अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहीं, सांप को पकड़कर गांव की गलियों में ले जाने का एक वीडियो भी सामने आया है।
फिलहाल देवेश कुमार का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।