
*जिला परिषद के 37 सदस्य पदों के लिए 90 अभ्यर्थियों ने 111 नामांकन पत्र भरें*
*तीसरे चरण की छह पंचायत समितियों में 130 सदस्य पदों के लिए 331 अभ्यर्थियों ने प्रस्तुत किए 361 नामांकन पत्र, शुक्रवार को अंतिम अवसर*
हनुमानगढ़, 22 अक्टूबर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत जिले में तीसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। जिला परिषद के 37 सदस्य पदों के लिए अब तक 90 अभ्यर्थियों ने 111 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं। वहीं, तीसरे चरण में शामिल 6 पंचायत समितियों के 130 सदस्य पदों के लिए 331 अभ्यर्थियों ने 361 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम अवसर 23 अक्टूबर, शुक्रवार को दोपहर 3 बजे तक है।
जिला परिषद सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 19 अक्टूबर से शुरू हुई थी। पहले दिन किसी भी अभ्यर्थी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। वहीं, बुधवार को 19 अभ्यर्थियों ने 27 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए, जबकि गुरुवार को 71 अभ्यर्थियों ने 84 नामांकन पत्र दाखिल किए। इस तरह जिला परिषद के 37 सदस्य पदों के लिए अब तक कुल 90 अभ्यर्थी 111 नामांकन पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं।
तीसरे चरण में शामिल भादरा, हनुमानगढ़ जंक्शन, नोहर, पल्लू, पीलीबंगा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों में 130 सदस्य पदों के लिए भी नामांकन प्रक्रिया चल रही है। इन पंचायत समितियों में पहले दिन 10 अभ्यर्थियों ने 11 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। बुधवार को 115 अभ्यर्थियों ने 126 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए, जबकि गुरुवार को 206 अभ्यर्थियों ने 224 नामांकन पत्र दाखिल किए। इस प्रकार छह पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए अब तक 331 अभ्यर्थियों ने 361 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं।
शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि है। इसके उपरांत नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी।
*तीसरे चरण में 3 और 5 नवंबर तथा चौथे चरण में 14 और 16 नवंबर को होगा मतदान*
जिले में दो चरणों — तीसरे और चौथे चरण में चुनाव हो रहे है। जिले की तीसरे चरण में शामिल भादरा, हनुमानगढ़ जंक्शन, नोहर, पल्लू, पीलीबंगा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों के मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए 3 नवंबर को तथा सरपंच और पंच के लिए 5 नवंबर को मतदान करेंगे। वहीं चौथे चरण में शामिल संगरिया, टिब्बी, हनुमानगढ़ टाऊन और टिब्बी पंचायत समितियों के मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए 14 नवंबर को तथा सरपंच और पंच के लिए 16 नवंबर को मतदान करेंगे।
फोटो- भादरा में नामांकन दाखिल करते एक अभ्यर्थी