
आरोग्य मेले में डॉक्टर व लैब सहायक नदारद, जांच-इलाज के लिए भटके मरीज
उन्नाव। जिले की 52 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में 1716 मरीज पहुंचे। वहीं, पुरवा के चमियानी और सफीपुर क्षेत्र के रूपपुर चंदेला पीएचसी में व्यवस्थाओं की कमी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चमियानी पीएचसी में लैब सहायक के मौजूद न होने से मरीजों की जांच नहीं हो सकी, जबकि रूपपुर चंदेला पीएचसी में प्रशिक्षु चिकित्सक के अनुपस्थित रहने से मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ा।
चमियानी पीएचसी में लैब सहायक न होने के कारण जांच का काम प्रभावित रहा। वहीं, रूपपुर चंदेला में प्रशिक्षु डॉक्टर नंदिनी के अनुपस्थित रहने से मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श नहीं मिल सका।
सीएमओ डॉ. अजय कुमार शर्मा ने बताया कि लैब सहायक की तैनाती के लिए शासन से पत्राचार किया गया है। प्रशिक्षु चिकित्सक के अनुपस्थित रहने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
1716 मरीज पहुंचे, बुखार के सबसे ज्यादा मामले
आरोग्य मेले में कुल 1716 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें अधिकांश मरीज संक्रामक बीमारियों से पीड़ित रहे। कोविड हेल्प डेस्क पर 257, बुखार के 351, पेट संबंधी रोगों के 188 और चर्म रोग के 225 मरीज पहुंचे।
मलेरिया की जांच के लिए 139 लोगों के नमूने लिए गए। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। मरीजों की संख्या बढ़ने से पैरासीटामाल, एजिथ्रोमाइसिन, मेट्रोजिल और नॉरफ्लॉक्स जैसी दवाओं की खपत भी तेजी से बढ़ी।
Unnao, Unnao | Sep 21, 2026