
Chitta-free Himachal campaign : बिलासपुर पुलिस ने 175.5 ग्राम चिट्टे के साथ छह दबोचे
दिव्य हिमाचल
नशे के खिलाफ अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने पंजाब से बिलासपुर तक सक्रिय इस नेटवर्क से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से कुल 175.5 ग्राम चिट्टा और दो लाख रुपए की नकदी बरामद की है। आरोपियों में से तीन पंजाब के अमृतसर तथा तीन बिलासपुर जिला के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने गत शुक्रवार शाम कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर धराड़सानी के पास नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी नंबर गाड़ी को जांच के लिए रोका। गाड़ी में कुल पांच लोग सवार थे। इनकी पहचान बिलासपुर के बैरीदड़ोलां निवासी 36 वर्षीय रविंद्र, बैहनाजट्टां निवासी 37 वर्षीय आशुतोष चंदेल उर्फ अंकुश तथा पंजाब के अमृतसर निवासी 55 वर्षीय रणजीत सिंह और उसके बेटों 24 वर्षीय विशाल सिंह व 23 वर्षीय आकाशदीप के रूप में हुई है। संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर गाड़ी से 132 ग्राम चिट्टे के साथ दो लाख रुपए की नकदी भी बरामद की गई।
उनके खिलाफ झंडूता थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। विस्तृत जांच में सामने आया कि रणजीत सिंह तथा उसके बेटे आकाशदीप व विशाल सिंह अमृतसर से बिलासपुर तक चिट्टे की सप्लाई चेन की महत्त्वपूर्ण कड़ी थे। रणजीत सिंह व आकाशदीप अमृतसर से चिट्टे की सप्लाई उपलब्ध करवाने के साथ पूरे नेटवर्क को संचालित करने में शामिल थे। वहीं विशाल सिंह अमृतसर से चिट्टा लाकर बिलासपुर में लोकल पेडलर्स रविंद्र, आशुतोष चंदेल उर्फ अंकुश तथा दडय़ाणा औहर के प्रवेश गुप्ता को बेचता था। लोकल पेडलर उसे आगे बेचते थे। उधर, एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस ने चिट्टा माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा नशा माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।