दिल्ली देश की राजधानी, ग्वालियर-चंबल मेरे दिल की राजधानी, डॉ. यूसुफ जमाल
मुरैना। रोटरी क्लब मुरैना द्वारा रविवार को निःशुल्क हृदय एवं किडनी रोग परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में देश के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं देते हुए कुल 289 मरीजों की जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया।
शिविर में जी.बी. पंत हॉस्पिटल, नई दिल्ली के प्रख्यात कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. यूसुफ जमाल, बिरला हॉस्पिटल ग्वालियर के डीएम कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण मंगल तथा किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित खंडेलवाल ने मरीजों की जांच की।
किडनी रोग विशेषज्ञ द्वारा 74 मरीजों का परीक्षण किया गया, जबकि हृदय रोग विशेषज्ञों की टीम ने 215 मरीजों की जांच की। हृदय रोग से संबंधित मरीजों के लिए शिविर स्थल पर ही निःशुल्क ईसीजी, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की गई। इससे मरीजों को एक ही स्थान पर प्राथमिक जांच के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श का लाभ मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब के संस्थापक पॉल हैरिस, स्वर्गीय सतीश सिंघल एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र डाबर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय, शिविर संयोजक डॉ. के.के. गुप्ता, डॉ. राहुल गुप्ता, डॉ. देव गर्ग, रोटरी क्लब मुरैना अध्यक्ष तरुण शर्मा, सचिव गौरव मोदी, कोषाध्यक्ष चंचल मंगल सहित क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बोले डॉ. यूसुफ जमाल- दिल्ली देश की राजधानी, ग्वालियर-चंबल मेरे दिल की राजधानी
शिविर के दौरान प्रख्यात कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. यूसुफ जमाल ने ग्वालियर-चंबल अंचल के प्रति अपने आत्मीय लगाव को व्यक्त करते हुए कहा, “देश की राजधानी दिल्ली है, लेकिन मेरे दिल की राजधानी यह ग्वालियर-चंबल अंचल है।” उनके इस उद्बोधन का उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
डॉ. जमाल ने कहा कि अपने अंचल के लोगों के लिए समय निकालकर सेवा करना उनके लिए संतोष और आत्मीयता का विषय है। उनके इस भाव ने शिविर में मौजूद लोगों को भी प्रभावित किया।
शिविर के दौरान रोटरी क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मरीजों के पंजीयन, जांच, चिकित्सकीय परामर्श और अन्य व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि मानव सेवा ही रोटरी की मूल भावना है। जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और जनसेवा के कार्य जारी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब मुरैना की ओर से विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, अतिथियों, सहयोगियों एवं क्लब सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। सामूहिक प्रयासों से स्वास्थ्य सेवा का यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
#morena #मुरैना
Morena Nagar, Morena | Oct 4, 2026