
#बलरामपुर: डीएम की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने के निर्देश...
बलरामपुर, 27 जुलाई 2026।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में ई-कवच पोर्टल, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान और टेक होम राशन (THR) वितरण सहित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और नवजात शिशुओं का समय पर ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण किया जाए तथा सभी सूचनाएं वास्तविक समय में अपडेट हों, ताकि किसी भी लाभार्थी को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का नियमित वजन और लंबाई मापने, कुपोषित एवं अतिकुपोषित (SAM/MAM) बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक पोषण और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में टेक होम राशन (THR) के समयबद्ध और पारदर्शी वितरण की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण राशन पहुंचे और वितरण संबंधी अभिलेखों का नियमित सत्यापन किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कुपोषण मुक्त जनपद का लक्ष्य सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से ही हासिल किया जा सकता है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#balrampur #dmbalrampur