
पट्टी में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत का मामला गरमाया, ब्राह्मण एकता परिषद ने न्यायिक जांच की मांग की
#प्रतापगढ़। पट्टी कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा के दौरान युवक अर्जुन उर्फ शैलेश की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने उच्च स्तरीय न्यायिक जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिला अध्यक्ष विंदेश्वरी पाठक बिंदु की अगुवाई में परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम पट्टी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की गई। परिषद का आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने के लिए घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास कर रही है। परिषद ने कहा कि पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके और यदि किसी की लापरवाही या भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो। ज्ञापन में निर्दोष लोगों को मामले में फंसाने और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई किए जाने का भी आरोप लगाया गया। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#pratapgarh #pratapgarhup72 #PratapgarhDistrict