पट्टी कोतवाली प्रकरण में परशुराम सेना ने उठाए सवाल, नामजद ब्राह्मण परिवार से मिलने की मांग
#प्रतापगढ़। पट्टी कोतवाली में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी अर्जुन गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दर्ज मुकदमे को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नामजद ब्राह्मण पिता-पुत्र के पक्ष में राष्ट्रीय परशुराम सेना ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। राष्ट्रीय परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट अभिषेक तिवारी और राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट प्रदीप शुक्ल सहित संगठन के पदाधिकारियों ने संबंधित परिवार से मुलाकात करने की बात कही। संगठन का आरोप है कि मोलनापुर जाने से पहले पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष समेत कुछ पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट कर दिया। संगठन ने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज होना किसी व्यक्ति को दोषी साबित नहीं करता। इसलिए जांच के दौरान नामजद परिवार का पक्ष भी सुना जाना चाहिए। परशुराम सेना के पदाधिकारियों के मुताबिक, संगठन का उद्देश्य किसी आरोपी का बचाव करना नहीं बल्कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और सभी पक्षों की बात सामने लाना है। संगठन की ओर से बताया गया कि पदाधिकारी सुबह करीब 10:30 बजे कचहरी में एकत्रित होंगे। मोलनापुर जाने की अनुमति नहीं मिलने की स्थिति में प्रशासन से संबंधित परिवार से मुलाकात कराने की मांग की जाएगी। गौरतलब है कि पट्टी कोतवाली में अर्जुन गौतम की संदिग्ध मौत के बाद उसके पिता की शिकायत पर हत्या और एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच और पुलिस की भूमिका को लेकर भी अलग-अलग पक्षों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में परशुराम सेना ने पूरे प्रकरण में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
#pratapgarh #pratapgarhnews #pattinews #parashuramsena
Patti, Pratapgarh | Sep 24, 2026