
*नगरीय निकाय चुनाव 2026: डीग, बृजनगर और कुम्हेर में 11 सितंबर को होने वाले मतदान हेतु दलों का रैंडमाइजेशन संपन्न; सॉफ्टवेयर से आवंटित हुए बूथ*
नगर/डीग, 09 सितम्बर। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आगामी 11 सितंबर को जिले के तीन नगरीय निकायों- डीग, बृजनगर और कुम्हेर में होने वाले आम चुनाव मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को मतदान दलों का बूथ आवंटन रैंडमाइजेशन संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मयंक मनीष की अध्यक्षता में यह प्रक्रिया एनआईसी एवं चुनाव आईटी प्रकोष्ठ द्वारा आयोग के सॉफ्टवेयर मॉड्यूल के माध्यम से पूर्ण की गई।
कंप्यूटरीकृत रैंडमाइजेशन के तहत डीग, बृजनगर और कुम्हेर के मतदान केंद्रों के लिए पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को यादृच्छिक पद्धति से बूथ आवंटित किए गए। इस विधिक एवं तकनीकी प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मतदान दल की रवानगी से पूर्व किसी भी कार्मिक अथवा अन्य व्यक्ति को यह जानकारी न हो कि किस दल की ड्यूटी किस मतदान केंद्र पर लगेगी, जिससे चुनाव प्रक्रिया की पूर्ण गोपनीयता और निष्पक्षता अक्षुण्ण बनी रहे।
निर्वाचन नियमों के अनुसार किसी भी आकस्मिक स्थिति, तकनीकी समस्या अथवा स्वास्थ्य कारणों से होने वाले फेरबदल से निपटने के लिए कुल मतदान केंद्रों की संख्या से 10 प्रतिशत अतिरिक्त मतदान दल रिजर्व रखे गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि रवानगी स्थल पर रिजर्व दलों की उपस्थिति व समन्वय सुनिश्चित रखा जाए, ताकि मतदान दिवस पर प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके।