भरतपुर: ब्रह्मबाद में ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान
भरतपुर जिले के ब्रह्मबाद क्षेत्र में स्थित कपिल उर्फ गोलू पंडित की पंडित ऑटो मोटर्स पार्ट्स की दुकान में गत देर रात कथित रूप से बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा करीब 10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब 1 बजे आग लगने की सूचना मिलने पर गोलू पंडित और उनके सहयोगी शिवकांत पुत्र हुकम सिंह कोली मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने दुकान का शटर खोला, आग की चपेट में आने से दोनों झुलस गए। दोनों घायलों को पहले बयाना अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भरतपुर के RBM Hospital रेफर किया गया। वर्तमान में दोनों का उपचार जारी है।
आग से दुकान में रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। वहीं आग की तीव्रता के कारण दुकान की पट्टियां और शटर भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गए।
Weir, Bharatpur | Jun 12, 2026