
15 अगस्त 2026 तक चलेगा ग्राम पंचायत खेल क्लब सदस्यता अभियान।
जिला खेल पदाधिकारी, नवादा रवि जी ने बताया कि खेल विभाग, बिहार, पटना के निर्देशानुसार जिले के सभी ग्राम एवं नगर पंचायतों में गठित खेल क्लबों को अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से 01 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन सदस्यता अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य पंचायत स्तर पर अधिक-से-अधिक युवाओं, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को खेल क्लबों से जोड़ते हुए उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिले तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी ग्राम एवं नगर पंचायतों में खेल क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष का चयन किया जा चुका है। अब इन क्लबों में अधिकाधिक सदस्यों का पंजीकरण कर क्लबों को प्रभावी एवं क्रियाशील बनाया जाना है। उन्होंने बताया कि 02 अक्टूबर 2026 से आगामी तीन माह तक पंचायत स्तर पर खेल महोत्सव आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अंतर्गत पंचायतों के खेल क्लबों के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत प्रखंड एवं जिला स्तर पर भी खेल महोत्सव आयोजित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।
जिला खेल पदाधिकारी ने जिले के सभी युवाओं, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर खेल क्लब की सदस्यता ग्रहण कर इस अभियान का हिस्सा बनें। सदस्यता हेतु https://club.biharsports.org/auth/member-register पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है।
नवादा से राकेश कुमार चंदन की रिपोर्ट!
Nawada, Nawada | Jul 13, 2026