
Breaking News
गौंडा में पोखर ओवरफ्लो होने से शिव मंदिर और अंबेडकर पार्क जलमग्न, बीमारियां फैलने का खतरा
गौंडा (अलीगढ़)। कस्बा गौंडा के नगला सबल क्षेत्र में भीषण जलभराव और गंदगी के चलते ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है। गांव के 17 बीघा में फैले पोखर (तालाब) की सफाई और गंदे पानी की निकासी न होने के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बारिश के मौसम में पोखर ओवरफ्लो होकर मुख्य मार्ग, मंदिर और पार्क तक पहुंच गया है।
शिव मंदिर व अंबेडकर पार्क पानी में डूबे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोखर के किनारे स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर और डॉ. बी.आर. अंबेडकर पार्क के दो कमरों में अत्यधिक पानी भर गया है। पवित्र सावन माह शुरू होने के बावजूद मंदिर परिसर में जलभराव रहने से महिला श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार पानी भरे रहने से मंदिर की इमारत और पार्क के कमरों के क्षतिग्रस्त होकर गिरने का खतरा मंडराने लगा है।
अवैध कब्जे से थमी निकासी, मच्छरों का प्रकोप बढ़ा
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पोखर पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिए जाने के कारण पानी की सुचारू निकासी पूरी तरह बंद हो चुकी है। पूरे गांव का गंदा पानी इसी पोखर में इकट्ठा हो रहा है। लंबे समय से निकासी न होने के कारण जल सड़ रहा है, जिससे इलाके में मच्छरों का भयंकर प्रकोप फैल गया है और महामारी फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
खंड विकास अधिकारी से गुहार
समस्या से त्रस्त होकर ग्रामीण भूप सिंह(पुत्र श्री हरीराम) ने खंड विकास अधिकारी (BDO) गौंडा, अलीगढ़ को प्रार्थना पत्र सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पोखर से अवैध कब्जा हटवाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की अपील की है ताकि पूजा-अर्चना सुचारू रूप से हो सके और गांव को बीमारियों से बचाया जा सके।
Chief Minister Office Uttar Pradesh PMO India MYogiAdityanath कृष्ण कुमार पत्रकार Brajesh Pathak Journalist मुकेश कुमार पत्रकार गोंडा अलीगढ़ मीडिया Hirdesh Chaudhary Gourav Singh Mintorian
Koil, Aligarh | Aug 3, 2026