
#नोखा में अवैध गोवंश परिवहन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच ट्रकों से 49 गोवंश मुक्त, 9 आरोपी गिरफ्तार
#बीकानेर के नोखा पुलिस ने रविवार देर रात अवैध गोवंश परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पारवा टोल नाके के पास पांच ट्रकों से 49 गोवंश को मुक्त कराया। पुलिस ने इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर पांचों ट्रक जब्त कर लिए हैं। मुक्त कराए गए गोवंश को सुरक्षित रूप से नोखा की गंगा गोशाला के सुपुर्द किया गया है।
थानाधिकारी गोविंदसिंह चारण ने बताया कि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि पारवा टोल नाके पर गोरक्षकों ने पांच संदिग्ध ट्रकों को रोक रखा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां रवि पारीक, सचिन भार्गव सहित अन्य गोरक्षक मौजूद मिले। उन्होंने ट्रकों में बड़ी संख्या में गोवंश होने की जानकारी दी।
पुलिस ने जांच के दौरान ट्रकों में सवार लोगों से गोवंश परिवहन के वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे, लेकिन कोई भी आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सभी ट्रकों को जब्त कर गंगा गोशाला लाया गया।
जांच में पांचों ट्रकों से 45 गाय और 4 बछड़े मिले, जिन्हें कथित रूप से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने हरबंश सिंह, रमेश कुमार, रोहितास, दिनेश गुर्जर, दर्शनराम, हरिकिशन, जगदीश गुर्जर, संदीप और पीयूष पाटीदार को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ राजस्थान गोवंशीय पशु अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि बरामद सभी 49 गोवंश को गंगा गोशाला में सुरक्षित रखा गया है तथा उनका पशु चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाएगा।