
बांकीपुर में बीजेपी ने अभिषेक कुमार को बनाया उम्मीदवार, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष पर जताया भरोसा।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। BJP के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने इस बात की जानकारी दी।
बीजेपी ने युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष अभिषेक कुमार को बांकीपुर विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। अभिषेक कुमार कायस्थ समाज से आते हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पूर्व पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के अध्यक्ष रह चुके हैं। अभिषेक दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। मंडल मंत्री एवं महामंत्री के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। अभिषेक भाजपा के युवा नेता और कायस्थ समाज के सक्रिय सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता हैं।
पार्टी द्वारा उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें अन्य राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति पर टिकी हैं। गौरतलब है कि बांकीपुर विधानसभा सीट राज्य की महत्वपूर्ण शहरी सीटों में गिनी जाती है। ऐसे में इस उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।