
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत
परियोजना 05 ( राजपुर ) में आयोजित हुआ पौधारोपण कार्यक्रम
..................
मियावाकी पद्धति से सघन वन विकास और जल-संरक्षण को मिलेगी गति
बड़वानी 22 अक्टूबर 2026/ प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-वाटरशेड विकास ( पीएमकेएसव्हाय 2.0) के अंतर्गत परियोजना क्रमांक 05 राजपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायत इंदरपुर में पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के उद्देश्य से सघन मियावाकी पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक श्री श्याम बरडे द्वारा देशव्यापी एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधे रोपित किए गए।
इस अवसर पर विधायक श्री बरडे ने उपस्थित ग्रामीणों एवं विभागीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी माँ के सम्मान में पौधा लगाना न केवल भावनात्मक जुड़ाव है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देने का एक बड़ा संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि मियावाकी पद्धति से कम स्थान में तेज़ी से सघन वन विकसित होते हैं, जिससे जैव-विविधता बढ़ती है और भू-जल स्तर में सुधार होता है।
वाटरशेड परियोजना के अधिकारियों ने जानकारी दी कि पीएमकेएसव्हाय 2.0 के तहत क्षेत्र में मृदा एवं जल-संरक्षण के साथ-साथ हरित आवरण बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने माँ के नाम एक-एक पौधा लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।