
सोने के गोखरू लूटने के लिए की हत्या, जोधपुर पश्चिम पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का किया खुलासा
जोधपुर। जोधपुर पश्चिम जिला स्पेशल टीम और सुरसागर थाना पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के कानों में पहने सोने के गोखरू लूटने के लालच में उसकी हत्या कर शव को इन्द्रोका पुलिया के नीचे फेंक दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, 26 जून को पाली जिले के दानासनी निवासी ओमप्रकाश ने अपने भाई गोविन्द के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी दिन इन्द्रोका पुलिया के नीचे एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने कपड़ों और हाथ में पहने कड़े के आधार पर शव की पहचान गोविन्द के रूप में की। पोस्टमार्टम के दौरान सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्पेशल टीम और सुरसागर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने मृतक की गतिविधियों का क्रम तैयार कर मसूरिया, चौपड़ और आखलिया चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों के 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी भूपेश कुमार (33) निवासी बालरवा ने हत्या की वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने पहले गोविन्द को शराब पिलाई और बाद में उसके कानों में पहने सोने के गोखरू लूटने के लिए सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।