
रोटरी क्लब ऑफ पंचकूला के नवनियुक्त प्रधान रोटेरियन सुरेश शर्मा का शपथ ग्रहण समारोह सेक्टर-12ए स्थित रोटरी हाउस में आयोजित किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, हिमाचल प्रदेश के भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज गेस्ट ऑफ ऑनर तथा लखविंद्र सिंह अरोड़ा स्पेशल गेस्ट के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने परंपरागत दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में श्री विपुल गोयल ने रोटरी क्लब ऑफ पंचकूला के नवनियुक्त प्रधान रोटेरियन सुरेश शर्मा को नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। इसी प्रकार रोटरी क्लब भी “सेवा स्वयं से ऊपर” के सिद्धांत पर चलते हुए गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब एक विशाल संगठन है जिसकी 200 से अधिक देशों में शाखाएं कार्यरत हैं।
श्री विपुल गोयल ने कहा कि वे पंचकूला के लोगों की सेवा भावना से अत्यंत प्रभावित हैं। उन्होंने समाज सेवा से जुड़े कार्यों एवं परियोजनाओं के लिए रोटरी क्लब पंचकूला को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने क्लब द्वारा जरूरतमंद लोगों की सुविधा के लिए लगभग 45 लाख रुपये की लागत से फिजियोथेरेपी सेंटर स्थापित करने के निर्णय की सराहना की तथा अपनी ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब भवन में इस प्रकार का सेंटर स्थापित होने से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia