
21 जून को गांधी स्टेडियम में होगा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन
"स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम पर आयोजित होगा सामूहिक योगाभ्यास
सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा कार्यक्रम
आयुष विभाग मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में 21 जून 2026, रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन गांधी स्टेडियम शहडोल में प्रातः 6 बजे से किया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" (Yoga For Healthy Ageing) निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जैतपुर विधायक श्री जयसिंह मरावी उपस्थित रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रातः 6 बजे अतिथियों का आगमन एवं स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात स्थानीय जनप्रतिनिधियों के उद्बोधन होंगे। भोपाल से मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण तथा कोलकाता से प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 6:30 बजे से 7:00 बजे तक सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में आयुष विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता रहेगी।
जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं निरोगी समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की है।
#शहडोल #shahdol