
देहरा पुलिस की POMPU टीम की बड़ी कार्रवाई, दो साल से फरार उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार
#timesofhimachal
Ashish Sharma
देहरा, 13 जुलाई। पुलिस जिला देहरा द्वारा उद्घोषित अपराधियों (Proclaimed Offenders) की शीघ्र गिरफ्तारी और गुमशुदा व्यक्तियों की प्रभावी तलाश के लिए गठित POMPU (Proclaimed Offender & Missing Person Unit) ने पहली बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने सोमवार को लंबे समय से न्यायालय में वांछित चल रहे उद्घोषित अपराधी सुखदेव कृष्ण (35) निवासी गांव व डाकघर गंगथ तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी PNB प्रागपुर बनाम सुखदेव कृष्ण मामले में परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act) की धारा 138 के तहत न्यायालय में वांछित था। लगातार समन और वारंट की अवहेलना करने पर 30 अक्टूबर 2024 को एसीजेएम-2 देहरा की अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर नूरपुर क्षेत्र में अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।
पुलिस जिला देहरा ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वांछित अपराधी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि कानून से बचने का हर प्रयास अंततः विफल होता है और नागरिकों की एक सूचना समाज को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।