
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी बनने पर भोपाल सिंह खदरी का किरपान देकर किया सम्मान
पिंजौर, 15 जुलाई।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ भाजपा नेता भोपाल सिंह खदरी को अपना ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने इसे उनकी लंबे समय से संगठन और जनसेवा के प्रति निष्ठा का सम्मान बताया। इस पर खुशी जताते हुए एंटी टेररिस्ट फ्रंट इंडिया के प्रदेशाध्यक्ष बलवान सिंह ठाकुर ने भोपाल सिंह खदरी से मुलाकात की और उन्हें सरोपा पहनाया व किरपान देकर उनका सम्मान किया।
ठाकुर ने बताया कि भोपाल सिंह खदरी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं और संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वह मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
खदरी की नियुक्ति को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की टीम को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि उनके संगठनात्मक अनुभव और प्रशासनिक समझ का लाभ सरकार को मिलेगा।