
हाथरस: जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यहाँ कलवारी रोड स्थित मेहरा एग्रो फूड्स पर विभाग की सचल टीम ने अचानक छापा मारा। इस बड़ी छापेमारी के दौरान मिलावट के संदेह में जहाँ एक तरफ सात अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, वहीं मौके पर ड्रमों और कैरेटों में रखे करीब तिरेसठ क्विंटल सड़े-गले नींबू, गाजर और मिर्च को बरामद किया गया, जिन्हें अचार बनाने के लिए रखा गया था।
इस सड़ी-गली सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख चौंतीस हजार आठ सौ रुपये बताई जा रही है, जिसे जनहित को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। छापेमारी के वक्त प्रतिष्ठान के मालिक राजू मेहरा मौके पर ही मौजूद थे। सहायक आयुक्त खाद्य अजय कुमार जायसवाल और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुँची टीम ने लाल मिर्च पाउडर, सरसों का तेल, पैक्ड ग्रीन चिली, हल्दी पाउडर, साबुत हल्दी, मिक्स अचार और मिक्स मसाले के सैंपल जांच के लिए कलेक्ट किए हैं। अधिकारियों का साफ कहना है कि इन सभी नमूनों को लैब भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हाथरस की हर बड़ी और प्रशासनिक एक्शन से जुड़ी अपडेट के लिए फॉलो करें हाथरस सिटी न्यूज़।