
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा: किऊल स्टेशन पर चोरी का मोबाइल और चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
लखीसराय। रेलवे द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत किऊल जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के एक मोबाइल और चाकू के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक मदन मोहन सिंह, आरक्षी धर्मेंद्र कुमार एवं नमन वर्मा किऊल स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर खड़ी किऊल–गया मेमू ट्रेन में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया।
पूछताछ में युवक अपनी मौजूदगी का संतोषजनक कारण नहीं बता सका और न ही यात्रा का टिकट दिखा पाया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक रियलमी कंपनी का चोरी का मोबाइल तथा एक चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसने ट्रेन के एक यात्री का मोबाइल चोरी करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय मांझी (20 वर्ष), पिता योगेंद्र मांझी, निवासी बारों बाजार, थाना बरौनी, जिला बेगूसराय के रूप में हुई है। मौके पर जब्ती सूची तैयार कर मोबाइल और चाकू जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बाद में मोबाइल के मालिक प्रदीप कुमार नोनिया, पिता चंद्रदीप प्रसाद नोनिया, निवासी पंचगछिया, थाना आसनसोल नॉर्थ, जिला पश्चिमी वर्धमान जीआरपी पोस्ट पहुंचे और मोबाइल की पहचान की। उनकी लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी किऊल थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब ₹20,000 है।