
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
-राजस्थान निवासी के रूप में हुई पहचान
अनोखा तीर, हरदा। रविवार दोपहर हरदा के पास दिल्ली से मुंबई की ओर जाने वाले रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस के अनुसार ग्राम उड़ा के पास डाउन रेलवे ट्रैक के खंभा नंबर 672 के निकट शव देखा गया। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही थी। बाद में शव के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान राधेश्याम पिता रमेश शर्मा निवासी ईशापुर कतरा, भरतपुर (राजस्थान) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि राधेश्याम बेंगलुरु में टाइल्स लगाने का काम करता था। थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के छोटे भाई दीनदयाल शर्मा सहित परिजनों को दे दी गई है। दीनदयाल भुसावल में काम करते हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि राधेश्याम चलती ट्रेन से गिर गया था। बताया जा रहा है कि गिरने के बाद वह करीब 200 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे ट्रैक किनारे पेड़ों की टहनियां भी टूट गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Harda, Harda | Jun 15, 2026