
औरंगाबाद में पुलिस टीम पर हमला: थानाध्यक्ष समेत 4 पुलिसकर्मी घायल, SHO आईसीयू में भर्ती।
औरंगाबाद | 24 NEWS LIVE | 29 जुलाई 2026
औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र के बलिकरना गांव में मंगलवार की देर रात एक बड़ी घटना सामने आई है। दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर ही ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
*थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी घायल*
इस हमले में जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक महिला पुलिसकर्मी के घायल होने की भी सूचना है। वहीं कुछ ग्रामीणों के भी घायल होने की बात सामने आ रही है।
घटना की पुष्टि करते हुए सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पुलिस टीम पर हमला किया गया है। सभी घायलों का इलाज कराया गया है। थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उनका इलाज सदर अस्पताल के ICU में चल रहा है।
*कैसे हुई घटना*
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बलिकरना गांव में दलित और महादलित परिवारों के दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में जम्होर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। मंगलवार की रात पुलिस गांव में पहुंचकर दोनों पक्षों के बीच तनाव कम कराने और समझौता कराने का प्रयास कर रही थी, तभी कुछ आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया।
*शराब कारोबार पर कार्रवाई की भी चर्चा*
घटना को लेकर गांव में यह भी चर्चा है कि पुलिस शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए गांव पहुंची थी और कुछ लोगों को हिरासत में लेने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। हालांकि पुलिस ने अभी तक हमले के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है।
*FIR दर्ज, छापेमारी जारी*
पुलिस पर हमले के मामले में नई प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।