
तीन दिन की तलाश के बाद नहर में मिला लापता बेटी का शव, माता-पिता की तलाश जारी
- मसीतां हेड पर CCTV में दिखे थे तीनों, 16 अक्टूबर को बाइक पर घर से निकले थे भरत सिंह सहारण, पत्नी मंजू और बेटी लता
सिरसा।
ऐलनाबाद क्षेत्र से लापता इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार भरत सिंह सहारण के परिवार से जुड़ी तलाश के बीच रविवार शाम एक दुखद खबर सामने आई। राजस्थान के पक्की डबली गांव के पास राजस्थान कनाल में एक युवती का शव मिला, जिसकी पहचान परिजनों ने भरत सिंह की 24 वर्षीय बेटी लता के रूप में की है। बेटी का शव मिलने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि भरत सिंह और उनकी पत्नी मंजू का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। सोशल मीडिया में वायरल हो रही जानकारी के अनुसार, लता अपने माता-पिता के साथ 16 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बाइक पर घर से निकली थी। इसके करीब एक घंटे बाद तीनों मसीतां हेड पर लगे सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिए। यह उनकी आखिरी ज्ञात लोकेशन थी। इसके बाद तीनों कहां गए, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। तीनों के घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में जुट गए थे।
मसीतां हेड पर सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद परिजन राजस्थान कनाल के किनारे-किनारे तलाश कर रहे थे और लोगों से पूछताछ कर रहे थे। रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे पक्की डबली के पास नहर में युवती का शव बहता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे लोगों और परिजनों ने शव की पहचान लता के रूप में की। रात को गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि सूचना मिलने पर ऐलनाबाद पुलिस भी राजस्थान के लिए रवाना हो गई।
दुकान पर नहीं पहुंचे भरत सिंह, परिवार को अब दो की तलाश
भरत सिंह सहारण ऐलनाबाद क्षेत्र के गांव ढाणी शेरां वाली के रहने वाले हैं। नोहर रोड पर उनकी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। वह अपनी मां और भाई के साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। उनकी पत्नी मंजू गृहिणी हैं, जबकि बेटी लता बीबीए की पढ़ाई कर रही थी। तीनों के अचानक लापता होने के मामले में अब तक की सबसे अहम जानकारी लता का शव मिलना है। हालांकि, भरत सिंह और मंजू के लापता होने की वजह तथा तीनों के साथ क्या हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस दोनों की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Sirsa, Sirsa | Oct 18, 2026