
Sonipat के बस स्टैंड के सामने स्थित एक शराब ठेके से करीब ₹1.50 लाख की नकदी और महंगी शराब चोरी होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि ठेका मालिक ने चोरी का आरोप अपने ही सेल्समैन और उसके एक साथी पर लगाया है।
सेक्टर-23 निवासी जोगिंद्र ने थाना सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बस स्टैंड के सामने स्थित शराब ठेके का संचालक है। करीब दो महीने पहले उसने उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के गांव गढ़ी घुआसी निवासी रामू को सेल्समैन के तौर पर नौकरी पर रखा था।
शिकायत के अनुसार 13 जून की रात रामू ने अपने एक साथी को बुलाया, जो उत्तर प्रदेश नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार में मौके पर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने मिलकर ठेके से करीब ₹1.50 लाख नकद और कई बोतल महंगी शराब चोरी कर ली।
चोरी हुई शराब में सिंगलटन, एमएम जामुन और ऑल सीजन सिरताज जैसे ब्रांड शामिल बताए जा रहे हैं।
ठेका मालिक का दावा है कि पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दोनों आरोपितों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।
पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर रामू और एक अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।