
नादौन बस अड्डे पर दो बैग से सवा दो किलो चांदी के गहने बरामद,पांच लाख से अधिक कीमत, व्यापारी नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज
राज्य कर, आबकारी एवं कराधान विभाग की नादौन टीम ने बस अड्डे पर बिना वैध दस्तावेज ले जाए जा रहे सवा दो किलो चांदी के गहनों की खेप पकड़ी है। बरामद गहनों की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पंजाब के एक व्यापारी से दो बैग बरामद किए गए, जिनमें डिब्बों के अंदर चांदी के गहने छिपाकर रखे गए थे।
सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान राजीव कुमार की अगुवाई में राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी मनमोहन सिंह, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी रंजीत सिंह और विकास कुमार की टीम बस अड्डे पर गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम को दो बैग लेकर घूम रहे व्यापारी पर शक हुआ। पूछताछ में उसके घबराने पर टीम ने दोनों बैग की तलाशी ली। डिब्बों की जांच करने पर उनमें छिपाकर रखे चांदी के गहने मिले। इनका वजन करीब सवा दो किलो निकला। व्यापारी गहनों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
सहायक आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि विभागीय नियमों के तहत व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर विभाग की टीमें विशेष निगरानी कर रही हैं। व्यापारियों से वैध दस्तावेजों के साथ ही लेनदेन करने की अपील की गई है।