
*एंटी नारकोटिक सेल फतेहाबाद की कार्रवाई, अवैध .32 बोर पिस्तौल सहित एक आरोपी काबू*
*– गांव पीलीमंदोरी क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने की कार्रवाई*
भट्टू कलां , 16 सितंबर। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल फतेहाबाद की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव पीलीमंदोरी क्षेत्र से एक युवक को अवैध .32 बोर पिस्तौल सहित काबू किया है। आरोपी की पहचान *विनोद कुमार निवासी जिला फतेहाबाद* के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जायेगा।
एंटी नारकोटिक सेल फतेहाबाद प्रभारी उप निरीक्षक वेदपाल ने बताया कि उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पुलिस टीम के साथ 15 सितंबर को अपराधों की रोकथाम एवं गश्त के लिए भट्टू से गांव पीलीमंदोरी की ओर जा रहे थे। जब पुलिस टीम गांव पीलीमंदोरी के नजदीक पहुंची तो सड़क किनारे खड़ा एक युवक पुलिस की गाड़ी को देखकर पेड़ों व झाड़ियों के पीछे छिपने का प्रयास करने लगा।
युवक की गतिविधि संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस टीम ने तुरंत उसे काबू कर पूछताछ की। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसकी पैंट से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस ने बरामद अवैध हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना भट्टू कलां में मुकदमा नम्बर 213 दिनांक 15.09.2026 धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गहनता से जांच जारी है।