
अंबाला मीडिया
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया नमन
अंबाला, 23 जून। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर बूथ नंबर 102, वार्ड नंबर 13 में पूर्व मेयर शैलजा संदीप सचदेवा के निवास स्थान पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व पार्षद एडवोकेट संदीप सचदेवा एवं पूर्व पार्षद हरीश शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में लागू अलग संविधान, अलग निशान और अलग व्यवस्था का विरोध करते हुए देश को एक सूत्र में बांधने के लिए संघर्ष किया और अपने प्राणों का बलिदान दिया।
संदीप सचदेवा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का प्रसिद्ध नारा "एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे" आज भी राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को ऐसे महान राष्ट्रभक्तों के जीवन, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उनके विचार आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में एडवोकेट संदीप सचदेवा, सुरेश सहोता (पूर्व पार्षद), हरीश शर्मा (पूर्व पार्षद), सुधीर शर्मा (पूर्व जिला प्रवक्ता भाजपा), हरीश मदान, प्रीतम सिंह गिल, एम.पी. सिंह, हितेंद्र चौधरी, संजय लाकड़ा, मनोज गोयल, दीपांशु बंसल, देवी राम, राम प्रकाश बिंदल, विजय सिंह, अश्विनी कुमार, सतीश कालड़ा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंबाला मीडिया | खबरें ही खबरें
व्हाट्सएप चैनल से जुड़ें:
whatsapp.com
Ambala, Ambala | Jun 23, 2026