
*रीवा रोड पर रात को बेकाबू हाइवा डिवाइडर से टकराकर बना आग का गोला, चालक कूदकर भागा, एक घंटे तक धधकता रहा ट्रक*
*फ्लाईओवर से उतरते समय हुआ भीषण हादसा, डीजल टैंक फटने से लगी आग, बाल-बाल बची कई जिंदगियां*
सतना। रीवा रोड पर सोमवार रात तेज रफ्तार हाइवा ने हड़कंप मचा दिया। फ्लाईओवर से उतरते समय वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और पलटते ही आग के गोले में बदल गया। रात के सन्नाटे में उठती लपटों ने राहगीरों को दहशत में डाल दिया। हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। रीवा की ओर से आ रहा हाइवा *AP-31-TH-8001* डिवाइडर से टकराकर पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीजल टैंक फट गया और कुछ ही सेकंड में पूरे वाहन ने आग पकड़ ली।
*चालक कूदकर भागा, एक घंटे चली मशक्कत*
चालक समय रहते कूदकर बाहर निकला और मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह लड़खड़ा रहा था, जिससे नशे में होने की आशंका है। सूचना मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक हाइवा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
*एक लेन रहा बंद, नहीं हुई जनहानि*
आग इतनी भीषण थी कि दूर तक लपटें दिख रही थीं। हादसे के बाद रीवा रोड की एक लेन पूरी तरह बंद हो गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने वाहन मालिक से संपर्क कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।