
गुप्ताधाम में पहली बार चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सावन मेले की तैयारी तेज
रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड स्थित कैमूर पहाड़ियों की मनमोहक वादियों में बसे प्रसिद्ध गुप्ताधाम में सावन मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार को पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने पहली बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मंदिर परिसर और मुख्य मार्ग पर वर्षों से अवैध रूप से लगी 16 दुकानों को हटाकर पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन ने सभी चिन्हित दुकानदारों को वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट कर दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने बताया कि इस बार सावन मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुरुष एवं महिला भक्तों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था की जाएगी। दोनों कतारों से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से गुप्ताधाम गुफा में प्रवेश कराया जाएगा। अभियान में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार तथा वन विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि मेले के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी।