
परीक्षा देकर लौट रही छात्रा बनी झपटमारों का शिकार, दिनदहाड़े मोबाइल छीनकर फरार हुए बदमाश
भागलपुर: जिले के जोगसर थाना क्षेत्र में बेखौफ झपटमारों का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। मंगलवार को एसएम कॉलेज से परीक्षा देकर घर लौट रही एक छात्रा से दिनदहाड़े मोबाइल फोन छीन लिया गया।
जानकारी के अनुसार, आदमपुर निवासी छात्रा नेहा कुमारी परीक्षा समाप्त होने के बाद वापस लौट रही थी। इसी दौरान भारत गैस एजेंसी के समीप पीछे से स्कूटी पर सवार दो बदमाश पहुंचे और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से मनाली चौक की ओर फरार हो गए।
अचानक हुई घटना से घबराई छात्रा बदमाशों की स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं देख सकी। हालांकि उसने पुलिस को बताया कि पीछे बैठे झपटमार ने नीले रंग की शर्ट पहन रखी थी।
घटना के बाद पीड़िता ने जोगसर थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुट गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में झपटमारी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
#BhagalpurCrime #SnatchingCase #BhagalpurPolice #JogsarThana #SMCollegeBhagalpur #MobileSnatching #BhagalpurNews
Amarpur, Banka | Jun 18, 2026