
ब्लड बैंक की दोनों लिफ्ट खराब, रक्तवीरों की सुविधा को लेकर चिंता
8 अक्टूबर को सिवान ब्लड डोनर क्लब के रक्तदान शिविर से पहले लिफ्ट दुरुस्त कराने की मांग
रोहित सिंह शौर्या
सिवान। सदर अस्पताल सिवान के चौथी मंजिल पर स्थित ब्लड बैंक में आने-जाने के लिए लगी दोनों लिफ्ट खराब होने से रक्तदान करने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि एक लिफ्ट काफी समय से खराब है, जबकि दूसरी छोटी लिफ्ट भी पिछले करीब एक सप्ताह से बंद है।
ब्लड बैंक चौथी मंजिल पर होने के कारण लिफ्ट की सुविधा बंद रहने से रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को सीढ़ियों के माध्यम से ऊपर जाना पड़ रहा है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं तथा अन्य रक्तदाताओं को विशेष कठिनाई हो सकती है।
सिवान ब्लड डोनर क्लब द्वारा आगामी 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सदर अस्पताल सिवान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में थैलेसीमिया एवं कैंसर मरीजों के लिए रक्त संग्रह किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में रक्तवीरों के पहुंचने की संभावना है।
सिवान ब्लड डोनर क्लब ने अस्पताल प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया है कि 8 अक्टूबर के रक्तदान शिविर को देखते हुए दोनों लिफ्टों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि रक्तदान करने आने वाले रक्तवीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
क्लब का कहना है कि रक्तदान करने वाले लोग समाज के लिए महत्वपूर्ण सेवा करते हैं और उनकी सुविधा सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। रक्तवीरों की सुविधा होगी तो रक्तदान के लिए लोगों का उत्साह भी बढ़ेगा।
सिवान ब्लड डोनर क्लब ने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।
Ziradei, Siwan | Oct 21, 2026