धनबाद के बरवाअड्डा थानेदार रवि कुमार से दुर्व्यवहार, गाली-गलौज, अमर्यादित आचरण के आरोपित विधायक जयराम कुमार महतो की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन की केंद्रीय कमेटी मंगलवार को बैठक कर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा करेगी।
उनकी गिरफ्तारी व अन्य मांगों को लेकर एसोसिएशन सरकार के सक्षम प्राधिकार से भी पत्राचार करेगी। झारखंड पुलिस एसोसिएशन की नाराजगी धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के विरुद्ध भी है।
पांच दिनों के भीतर सुपरविजन पूरा नहीं होने व अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने से एसोसिएशन नाराज है। एसोसिएशन का कहना है कि अगर आरोपितों के विरुद्ध वरीय पुलिस पदाधिकारी भी जांच में लापरवाही बरतेंगे तो एसोसिएशन इसका भी विरोध करेगी।
एसोसिएशन ने 26 अगस्त को एसएसपी धनबाद प्रभात कुमार से पत्राचार कर पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
Namkum, Ranchi | Aug 31, 2026