
चूरू। भारत विकास परिषद, चूरू शाखा की ओर से सब्जी मंडी स्थित मंदिर में लहरिया उत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हर्षोल्लास और धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने लहरिया साड़ियों, सोलह श्रृंगार, लोकनृत्य और गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से उत्सव में सतरंगी छटा बिखेरी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक वंदे मातरम् गायन से हुआ। मरदा परिवार की ओर से सभी सदस्यों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद महिला इकाई की मंजू पारीक, मधुबाला गौड़ एवं शशी चंदेल ने मंच की शोभा बढ़ाई।
शाखा संयोजिका शशी चंदेल ने सभी बहनों एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए भारत विकास परिषद की सेवा, संस्कार, संपर्क, समर्पण एवं सहयोग की गतिविधियों की जानकारी दी।
विनीता शर्मा एवं महिमा शर्मा ने सावन मास के लोकप्रिय गीतों एवं भजनों पर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं कार्यक्रम संयोजिका रमा नवहाल के नेतृत्व में टीम ने लोकनृत्य, सामूहिक गीत गायन, सोलह श्रृंगार और लहरिया साड़ी सहित विभिन्न मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में कुटुम्ब प्रबोधन एवं कुटुम्ब प्रबंधन विषय पर विशेष उद्बोधन के लिए माया जोशी को आमंत्रित किया गया। उन्होंने परिवार में आपसी प्रेम, संवाद, संस्कार एवं समन्वय के महत्व पर प्रेरणादायी विचार रखे।
कुसुम चोटिया ने अतिथियों, सहभागियों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के बाद सभी ने अल्पाहार का आनंद लिया।
कार्यक्रम में मंजू शर्मा, विजया पारीक, अनुराधा खेड़ा, सुषमा शर्मा सहित मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाओं की उमंग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लहरिया उत्सव को यादगार बना दिया।
#tharkiawaazajay #churu #lahriya #sawanspecial #womensfashion Kunj Bihari Birmiwala Vini Sharma
Churu, Churu | Aug 23, 2026