
भोपाल/मुरैना। #कुशवाह समाज पर टिप्पणी को लेकर मचे राजनीतिक और सामाजिक विवाद के बीच मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पत्र जारी कर अपने शब्द वापस लेते हुए खेद व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि यदि उनके किसी शब्द से समाज के किसी व्यक्ति की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे अपने शब्द वापस लेते हैं और हुई तकलीफ के लिए खेद प्रकट करते हैं।
तोमर ने पत्र में कहा कि वे हाल ही में भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाह के घर एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां चर्चा के दौरान यह बात कही गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी भी समाज का अपमान करना नहीं था। उन्होंने लिखा कि "कुशवाह और हम लोग एक-दूसरे के पूरक हैं। मैं जीवनभर कुशवाह समाज का सम्मान करता रहा हूं और जीवन पर्यंत करता रहूंगा।"
गौरतलब है कि #मुरैना में दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस और कई सामाजिक संगठनों ने इसे कुशवाह समाज का अपमान बताते हुए विरोध जताया था और सार्वजनिक माफी की मांग की थी। भाजपा ने पहले बयान को संदर्भ से जोड़कर उसका बचाव किया था।
अब सामने आए इस पत्र में नरेंद्र सिंह तोमर ने साफ शब्दों में लिखा है कि "यदि मेरे किसी शब्द से किसी समाज बंधु को ठेस लगी है, तो मैं अपने शब्द वापस लेता हूं और आप लोगों को जो तकलीफ हुई है, उसके लिए खेद व्यक्त करता हूं।" उनके इस पत्र के बाद इस विवाद पर फिलहाल विराम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
#breakingnewswala #MPNews #NewsUpdate #NarendraSinghTomar
Indore, Indore | Aug 5, 2026