
व्यासपुर, 22 अक्तूबर- उपमंडल अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने वीरवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, व्यासपुर में कस्बे के दुकानदारों के साथ बैठक की। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि महर्षि वेद व्यास की कर्मस्थली व्यासपुर स्थित तीर्थराज कपाल मोचन में 20 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक अंतरराज्यीय श्री कपाल मोचन, श्री आदि बद्री मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है तथा इसमें देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले से पहले ही श्रद्धालु कपाल मोचन में पहुंचने शुरू हो जाते हैं।
बैठक में उन्होंने कस्बा के दुकानदारों से यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आमजन की सुविधा के लिए दुकानों के बाहर सडक़ पर सामान नहीं रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सडक़ तक सामान रख देते हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। इसके कारण बाजार व सडक़ों पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के सीजन में बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में दुकानदारों का सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें और सडक़ व रास्तों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार दुकान से आगे सडक़ पर सामान रखकर अतिक्रमण करता पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों से प्रशासन का सहयोग करने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
#HVN24