
मेडिकल चमत्कार: मोतिहारी के डॉक्टर ने बिना सिर खोले नाक के रास्ते निकाला ब्रेन ट्यूमर, मरीज की लौटी आंखों की रोशनी
चिकित्सा जगत में मोतिहारी के रहने वाले प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉ. प्रकाश खेतान ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने प्रयागराज स्थित अपने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में एक अत्यंत जटिल सर्जरी करते हुए, मरीज का सिर खोले बिना एंडोस्कोपिक (दूरबीन) विधि से नाक के रास्ते एक विशाल ब्रेन ट्यूमर को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया है।
ट्यूमर के भारी दबाव के कारण प्रयागराज निवासी मरीज विजया कुमारी की आंखों की रोशनी पूरी तरह जा चुकी थी, जो इस सफल ऑपरेशन के बाद चमत्कारिक रूप से वापस आ गई है। जहां देश के बड़े कॉर्पोरेट अस्पतालों में इस जटिल सर्जरी का खर्च 15 से 20 लाख रुपये तक आता है, वहीं डॉ. खेतान ने इसे नाममात्र के खर्च में संपन्न कर दिखाया। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी फोन कर उन्हें बधाई दी है।
गिनीज और लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा चुके डॉ. खेतान मूल रूप से मोतिहारी के स्टेशन रोड के निवासी हैं। इतनी बड़ी उपलब्धियों के बावजूद, वह आज भी हर महीने चार दिन मोतिहारी आते हैं और अपने समाजसेवी माता-पिता की स्मृति में स्थानीय मरीजों की निस्वार्थ सेवा करते हैं।
#MotihariNews #DrPrakashKhetan #BrainTumorSurgery #MedicalMiracle