
प्रयागराज में महिला वकील की मौत से हड़कंप, दरोगा पति से विवाद के बाद सामने आया मामला
प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र के पारस ग्रीन अपार्टमेंट में 33 वर्षीय महिला वकील कंचन सिंह की मौत का मामला सामने आया है। कंचन सिंह इलाहाबाद हाईकोर्ट में वकालत करती थीं। उनके पति जितेंद्र सिंह पुलिस विभाग में दरोगा हैं और धूमनगंज थाने में तैनात बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट में जांच-पड़ताल कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने फ्लैट को सील कर दिया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, कंचन सिंह और जितेंद्र सिंह की शादी करीब 10 महीने पहले हुई थी। दोनों मूल रूप से कानपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जितेंद्र सिंह 2023 बैच के दरोगा हैं। दोनों प्रयागराज स्थित पारस ग्रीन अपार्टमेंट की नौवीं मंजिल के फ्लैट में रहते थे।
जितेंद्र सिंह के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसके बाद कंचन के माता-पिता कानपुर से प्रयागराज पहुंचे थे। बताया गया कि वे करीब तीन दिन तक दोनों के साथ रहे और विवाद को सुलझाने की कोशिश की। शनिवार रात कंचन के माता-पिता वापस कानपुर चले गए।
महिला वकील की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है। फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।