
युवाओं के लिए सुनहरा मौका: 08 अगस्त को दरभंगा में लगेगा नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला, 3000 से अधिक नौकरियों का अवसर
दरभंगा। रोजगार की तलाश कर रहे शिक्षित युवाओं के लिए अच्छी खबर है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा द्वारा 08 अगस्त 2026 को रामनगर स्थित सरकारी आईटीआई परिसर में सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला 2026-27 का आयोजन किया जाएगा।
सहायक निदेशक नियोजन ने बताया कि इस मेले में स्थानीय सहित करीब 25 नियोजकों के शामिल होने की संभावना है। इनके माध्यम से 3000 से अधिक रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस मेले में विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले युवाओं को रोजगार एवं करियर मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा।
मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को पहले detjob.bihar.gov.in पोर्टल पर अपना निबंधन कराना होगा। इसके बाद अपने निबंधन आईडी के माध्यम से Darbhanga Job Fair में शामिल नियोजकों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू है और इसकी अंतिम तिथि 08 अगस्त 2026 को दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित की गई है।
अधिकारियों ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से अपना निबंधन एवं आवेदन पूरा कर लें तथा मेला स्थल पर अपना बायोडाटा सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुँचें, ताकि रोजगार के इस सुनहरे अवसर का अधिकतम लाभ उठा सकें।