
छठ पर्व को देखते हुए ललमटिया डकैता पोखर में निर्माण कार्य तेज, गुणवत्ता पर उठे सवाल; डस्ट और लोकल ईंट के इस्तेमाल का आरोप।
ललमटिया/गोड्डा: छठ महापर्व को देखते हुए ललमटिया डकैता पोखर में घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य की तस्वीरें सामने आने के बाद इसकी गुणवत्ता और कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाया जा रहा है कि पोखर के घाट निर्माण में गिट्टी की जगह गर्दी (डस्ट) का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, निर्माण कार्य में लोकल बंगला ईंट लगाए जाने की भी बात सामने आ रही है। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि यह कार्य लाभुक समिति के माध्यम से मुखिया/पंचायत समिति फंड के तहत प्रखंड स्तर से कराया जा रहा है। सवाल यह है कि आखिर निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं?
छठ महापर्व नजदीक होने के कारण कार्य को जल्दबाजी में पूरा करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन जल्दबाजी के बीच निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
सबसे हैरानी की बात यह है कि निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोग भी फिलहाल खामोश नजर आ रहे हैं।
अब सवाल उठता है कि क्या संबंधित विभाग के अधिकारी निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करेंगे? क्या योजना की तकनीकी जांच कराई जाएगी और यदि अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी?
फिलहाल स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी मामले को संज्ञान में लेकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराएंगे, ताकि छठ व्रतियों को बेहतर और सुरक्षित घाट की सुविधा मिल सके।
10 tak bharat – हर खबर सबसे पहले आप तक।
#Lalmatia