
सड़क पर जलभराव से ग्रामीण बेहाल, राष्ट्रीय विकास मंच ने उठाई आवाज
• जर्जर सड़क और नाली के अभाव से आवागमन बाधित, विद्यार्थियों व राहगीरों को हो रही परेशानी
#अतरौली। विकास खण्ड की ग्राम पंचायत सांडा दाखिलौल के ग्राम सांडा में जर्जर सड़क एवं नाली निर्माण न होने से जलनिकासी की समस्या गंभीर बनी हुई है। बारिश के बाद सड़क पर जलभराव और कीचड़ फैल जाने से ग्रामीणों, राहगीरों तथा स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत और नाली निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। जलभराव के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
समस्या की जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित सक्षम अधिकारियों को मामले से अवगत कराया तथा शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
राष्ट्रीय विकास मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि आम जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या के समाधान तक मंच लगातार संबंधित विभाग के संपर्क में रहेगा।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत और नाली निर्माण कराकर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
Sadar, Lucknow | Jul 11, 2026