
मानवता हुई शर्मसार, रणजीतपुरा में झाड़ियों में लावारिस मिला नवजात, अस्पताल में चल रहा उपचार
राहुल सेवग श्रीकोलायत
रणजीतपुरा गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गांव के पास खंडहरनुमा क्षेत्र की झाड़ियों में एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। नवजात के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची तथा नवजात को तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में नवजात का उपचार जारी है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। थानाधिकारी जगदीश सिंह शेखावत ने बताया कि रणजीतपुरा के खंडहरनुमा कमरे में नवजात मिलने की सूचना ग्रामीणों से प्राप्त हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो नवजात जीवित अवस्था में मिला। इसके बाद रणजीतपुरा उप स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी गई, जहां से नर्स मौके पर पहुंची और नवजात को अपने कब्जे में लेकर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। नवजात किसका है, उसे वहां कौन छोड़कर गया और उसकी उम्र कितनी है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। वहीं इस घटना से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और दुख है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए इसे बेहद अमानवीय कृत्य बताया।